नोट बंदी को लेकर देश में कई तरह की बाते की जा रही है। सरकार इसे ऐतिहासिक कदम बता रही है तो विपक्ष के लोग कई तरह के आरोप लगा रहे है। पुराने नोट बंद होने के बाद से ही नए नोट मिलने शुरू हो चुके हैं लेकिन लोगों को कुछ परेशानियां भी हो रही हैं। वहीं, लोगों के मन में अब ये सवाल उठ रहे हैं कि इस फैसले से आखिर देश, इकोनॉमी, सरकार और आम आदमी को क्या हासिल होने वाला है? बड़े नोट बंद होने से इकोनॉमी में कोई गिरावट नहीं आएगी। एक क्वार्टर में कुछ सुस्ती देखने को मिल सकती है। महंगाई थोड़ी कम हो सकती है। लेकिन इस कवायद का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ है कि सरकार की आर्थिक हालत मजबूत होती दिख रही है। वास्तव में नोट बंदी के बाद देश किस दिशा में जाने वाला है , इसी विषय से जुड़े सवालो के जवाब दे रहे है अर्थ विस्तार संस्थान, नयी दिल्ली के वरिष्ठ आर्थिक विश्लेषक डॉ रवि पांडेय -
Q:इससे सिस्टम में क्या बदलाव आएगा?
A: सबसे बड़ा बदलाव कैश ट्रांजैक्शन में होगा। बड़ी खरीददारी (मकान, महंगा फर्नीचर) में कई बार लोग ब्लैकमनी खपाने की सोचते हैं। इसकी एक वजह यह होती है कि कैश में खरीदने पर कई बार प्राइस कम हो जाती है। पुराने नोट बंद होने से कुछ दिन तक कैश डीलिंग खत्म हो जाएगी। ना तो लोग कैश देंगे और ना ही बिजनेसमैन लेंगे। ब्लैकमनी पर पूरी तरह लगाम लगा दी गई है।
Q: आम आदमी पर किस तरह का असर पड़ेगा?
A: आम आदमी के लिए बहुत तकलीफ वाली स्थिति नहीं है। सरकार के फैसले से जो परेशानियां सामने आ रही हैं, वे कुछ वक्त के बाद स्टेबलाइज हो जाएंगी। मार्केट में ब्लैकमनी कम, व्हाइट ज्यादा हो जाएगी। इकोनॉमी सुधरेगी तो आम आदमी पर इसका असर बेहतर ही होगा।
Q: सरकार से फैसले से क्या फेक करंसी कम होगी? ये हमेशा के लिए खत्म हो गई या दोबारा से आ सकती है?
A: अभी तो फेक करंसी खत्म हो चुकी है। सरकार का कहना है कि 500-2000 के नए नोट को फेक करना मुश्किल होगा। अगर ऐसा है तो वाकई अच्छी बात है। जो भी है वो भविष्य में सामने आएगा।
A: कोई भी सरकार 50 और 100 के नए नोट को बदलने का अचानक कदम नहीं उठा सकती। अगर ऐसा होता है तो इकोनॉमी ठप हो जाएगी।
Q: जिसका बड़ा बिजनेस है, 5-10 लाख रुपए का कैश बैलेंस रोज मेंटेन करता पड़ता है , बड़े नोट बदलवाने जाएगा तो तो फंस तो नहीं जाएगा ?
A: कतई नहीं। जब आप रोज इतना कैश मेंटेन करते हैं तो आप रेग्युलर बिजनेस ट्रांजैक्शन दिखा सकते हैं। आप इसे रूटीन बिजनेस दिखा सकते हैं। अगर बैंक या इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपसे सवाल करता भी है, तब भी आप बैंक स्टेटमेंट और अपने बिजनेस से जुड़े अकाउंट्स की डिटेल्स दिखा सकते हैं। ईमानदारी से कारोबार करने वालों को डरने की जरूरत नहीं है।
Q: 200% पेनल्टी की बात से कितना डरना चाहिए?
बैंक में पुराने नोटों के साथ 10 लाख जमा कराने पर 3.75 लाख रुपए और 1 करोड़ रुपए की इनकम पर 84.75 लाख रुपए टैक्स पेनल्टी तभी लगेगी, जब आपके पास कालाधन है।
अगर आपने अपनी इनकम कम बताई है या गलत जानकारी दी है, तो इनकम टैक्स एक्ट 1961 की धारा 270ए के तहत आप पर बेहिसाब आमदनी पर टैक्स के बाद भी जुर्माना लगेगा।
इस धारा के तहत आपको टैक्स के बाद 30% सरचार्ज तक देना पड़ सकता है।
इनकम टैक्स रिटर्न के दौरान आपने जिस आमदनी का खुलासा किया है और असेसिंग ऑफिसर ने आपकी जो इनकम असेस की है, उसके डिफरेंस अमाउंट पर आपको पेनल्टी देनी होगी।
A: तत्काल कोई कार्रवाई नहीं होगी। बैंक किसी से भी डायरेक्ट पेनल्टी वसूल नहीं करेगा। आप कितना भी कैश बैंक में अपने खाते में जमा कर सकते हैं। बैंक बाद में आपकी डिपॉजिट कैश के बारे में आईटी डिपार्टमेंट को जानकारी देगा। आईटी डिपार्टमेंट आपकी इनकम और जमा किए गए कैश को लेकर जरूरत पड़ने पर पूछताछ कर सकता है। अघोषित आय पर आपसे 200% पेनल्टी ली जा सकती है। आईटी डिपार्टमेंट ने एक बार पेनल्टी ले ली, तो आगे आपके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी।
Q: जिसके पास बड़ा अमाउंट है। उसे लेकर बैंक जाना पड़े तो क्या एहतियात रखें?
A: बिजनेसमैन हैं तो बुक्स ऑफ अकाउंट्स मेंटेन रखें। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की आगे होने वाली किसी भी इन्क्वायरी में वह आपके काम आएगी। सैलरीड प्रोफेशनल हैं तो आपके पास मौजूद कैश के सोर्स की सारी रसीदें रखें।
Q: किसी व्यक्ति के यदि कई बैंक खाते हैं और उनमें से हर एक में कुछ पैसा जमा है, जिसे बार-बार निकालना होता है। क्या वह भी निशाने पर होगा ?
A: नहीं। अगर आपके ये सेविंग्स अकाउंट्स हैं, तो कोई दिक्कत नहीं होगी। हां, अघोषित आय पर आपसे आईटी डिपार्टमेंट सवाल-जवाब कर सकता है।
Q : यदि किसी ने कुछ दोस्तों को करीब 10 लाख रुपर उधार दे रखे हैं। अब वह उनसे पैसा कैसे वापस ले ?
A : दिक्कत हो सकती है, क्योंकि यह पैसा कैश में लिया नहीं जा सकता। दोस्त को आईटी रूल्स के मुताबिक, लोन की 20,000 हजार की लिमिट के बाद टैक्स देना होगा।
Q: कोई जानना चाहता है कि उधार लिए हों तो क्या करे ? घर में शादी है? 10 लाख रुपए रिश्तेदारों, दोस्तों और अपनी सेविंग्स के थे। अब 2.50 लाख के ऊपर क्या बैंक को दे दे ?
A: अच्छा होगा कि वह रिश्तेदारों और दोस्तों को पैसा वापस दे दें, ताकि वह पैसे अपने-अपने बैंक अकाउंट में जमा कर सकें। आप अपने कैश के साथ भी ऐसा ही कर सकते हैं।
Q: लोगों को पता है कि 30 दिसंबर तक पुराने नोट को जमा कर सकते हैं। इसके बाद आरबीआई में जमा करने की कैपिसिटी और प्रॉसेस क्या होगी?
A: ऐसा लोगों की फैसिलिटीज के लिए किया गया है। आप जायज वजह बताकर आरबीआई में पुराने नोटों को जमा कर सकते हैं। पुराने नोट जमा करने में कोई दिक्कत नहीं आने वाली।
Q: 500 और 1000 के पुराने नोट 11 नवंबर के बाद कोई लेता है तो क्या होगा? क्या अब इन नोटों से कोई लेन-देन नहीं कर सकते हैं?
A: यह लेने वाले शख्स पर निर्भर करेगा। कोई भी इन 500 और 1000 के नोट को फिलहाल 31 मार्च, 2017 तक बदल सकता है।
Q : अगर कोई शख्स 5 लाख, 10 लाख, 20 लाख, 30 लाख, 40 लाख या फिर 1 करोड़ जमा करता है तो कितनी पेनल्टी देनी होगी?
A : देखिये अघोषित आय पर ही सब कुछ निर्भर है। इस अघोषित आय पर 45% टैक्स देना होगा। पेनल्टी का स्लैब तय नहीं है। ये इनकम टैक्स डिपार्टमेंट तय करेगा। अगर इसमें जेल जाने का कोई प्रावधान है तो इसे बाद में देखा जाएगा।
Q: अगर कोई शख्स पैसे जमा कर रहा है तो उसे क्या सावधानियां रखनी होंगी?
A: इसमें अलग-अलग बातें हैं। ब्लैकमनी वाले सोच रहे हैं कि अलग-अलग हिस्सों में या फिर दूसरे शख्स के नाम से जमा करूंगा तो ठीक रहेगा। लेकिन किस शख्स ने कितना जमा किया, पैन कार्ड से पता चल जाएगा। वहीं, जो लोग व्हाइट मनी जमा कर रहे हैं, उनके लिए घबराने वाली बात नहीं है। बस उनका अमाउंट टैक्स से मिसमैच नहीं होना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो उनसे जवाब-तलब हो सकता है।
Q: बैंक काउंटर से सीधे कितने पैसे निकाले जा सकते हैं?
A: बैंक काउंटर से (चेक या विड्रॉवल से) एक दिन में 10 हजार और हफ्ते में 20 हजार रुपए निकाल सकते हैं।
Q : किसी ने यदि मकान लेने के लिए बिल्डर को ब्लैक में काफी पैसा दिया । बाद में मकान बेचना चाहें तो क्या होगा?
A : सबसे ज्यादा असर रियल एस्टेट पर पड़ा है, क्योंकि वहां कैश एक तरह से बंद ही हो गया था। अब आप जो भी बिल्डर को दे रहे हैं, वो व्हाइट में ही देना होगा। जिन्होंने ब्लैक में ज्यादा कैश देकर कम पैसे की रजिस्ट्री कराई थी और ये सोचा था कि बेचकर कमा लेंगे, ऐसा करने वालों को घाटा होगा। वो सारा कैपिटल गेन में आ जाएगा। ब्लैक में दिए गए पैसे नहीं मिलेंगे।
Q : अगर 10 लाख जमा किया जाता है तो क्या टैक्स और पेनल्टी मिलाकर 3.75 लाख रुपए काट लिए जाएंगे?
A : जरूरी नहीं है। हो सकता है कि आपकी सालाना इनकम 15 लाख रुपए हो। इसमें से अगर आपके पास कहीं की बचत के 6 लाख रुपए हैं और बाकी 4 लाख रुपए आपको किसी से बकाए या इनकम के तौर पर मिले हैं तो आप वैलिड डॉक्युमेंट्स अपने पास रखें। सोर्स के हिसाब से टैक्स लगेगा। लेकिन ये जरूरी नहीं है कि पूरे 10 लाख रुपए पर टैक्स और पेनल्टी मिलाकर आपसे 3.75 लाख रुपए वसूल लिए जाएं।